लखनऊ में लिफ्ट के डक्ट से गिरकर एक संविदाकर्मी की मौत हो गई। इस हादसे से गुस्साए कर्मचारियों और संविदाकर्मी के परिवार के लोगों ने प्रदर्शन किया।
जानकारी के मुताबिक संविदाकर्मी कमलेश कुमार सोमवार को लखनऊ के विभूतिखंड मंडी परिषद की बिल्डिंग की पहली मंजिल पर था। नीचे आने के लिए उसने लिफ्ट का बटन दबाया। लिफ्ट के नीचे आने से पहले ही लिफ्ट का दरवाजा खुल गया। कमलेश ने पैर आगे बढ़ा दिया जिससे वह लिफ्ट की डक्ट में जा गिरा।
गंभीर रूप से घायल हुए कमलेश को काफी देर बाद लिफ्ट से बाहर निकाला गया। बाहर निकलने तक उसकी जान जा चुकी थी।
इस हादसे से आक्रोशित परिजन और कर्मचारियों ने हंगामा शुरू कर दिया। लोगों ने बताया लिफ्ट काफी दिनों से खराब है। कई बार हादसे हो चुके हैं फिर भी सुनवाई नहीं हो रही है। परिजनों ने लापरवाह लोगों पर कार्रवाई और मुआवजे की मांग की।