लखनऊ। बंथरा के मोहान रोड पर सुबह बेकाबू डीसीएम ने स्कूटी सवार राजू (35) को टक्कर मार दी। राजू की मौके पर ही मौत हो गई। आक्रोशित ग्रामीणों ने चालक की गिरफ्तारी और मुआवजे की मांग को लेकर जाम लगा दिया। विवाद बढ़ता देख पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देकर लोगों को शांत कराया। पुलिस के मुताबिक, राजू बिना हेलमेट स्कूटी चला रहा था।
प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र सिंह के मुताबिक, काकोरी निवासी राजू की बंथरा के भटगांव में ससुराल है। वह सोमवार सुबह ससुराल से स्कूटी से घर जा रहा था। कन्नीखेड़ा के पास पीछे से आ रही तेज रफ्तार डीसीएम ने टक्कर मार दी। सिर पर गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद चालक डीसीएम लेकर भाग निकला। सूचना मिलते ही राजू के ससुरालीजनों व ग्रामीणों ने सड़क पर जाम लगा दिया। प्रदर्शन करने लगे। करीब एक घंटे तक प्रदर्शन चलता रहा।