लखनऊ। राजधानी में एक साल बाद फिर से लग्जरी कार से चोरी की वारदात करने वाला गिरोह सक्रिय हो गया है। पिछले 15 दिनों से इस तरह के गिरोह ने पांच थानाक्षेत्रों में वारदात को अंजाम दिया है। चोरों ने छह लग्जरी गाड़ियां पार कर दीं। लग्जरी कार से चलने वाले इन चोरों की काली करतूत सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। पुलिस फुटेज के आधार पर चोरों की तलाश में जुटी है।
पिछले साल जेसीपी क्राइम के नेतृत्व में लग्जरी कार से चोरी की वारदात करने वाले गिरोह को दबोचा गया था। कुछ दिनों तक लग्जरी कारों से चोरी की वारदातें नहीं हुईं लेकिन पिछले कुछ समय से यह गिरोह फिर सक्रिय हो गये हैं। गिरोह के निशाने पर लग्जरी गाड़ियां होती हैं। पिछले 15 दिनों के में चोरों ने आलीगंज से इनोवा व क्रेेटा, आशियाना इलाके से फॉर्च्यूनर, विभूतिखंड, गाजीपुर व हजरतगंज से स्कॉर्पियो गाड़ी पार कर दी। विभूतिखंड व हजरतगंज थानाक्षेत्र में वारदात शुक्रवार व शनिवार रात की है। दोनों जगह पुलिस को सीसीटीवी कैमरे में चोरी की वारदात करते हुए क्रेेटा कार सवार चोर दिखे हैं। फुटेज में साफ दिखा कि क्रेटा कार से एक युवक पहले निकला। उसने लग्जरी गाड़ी का शीशा तोड़ा और दरवाजा खोलता है। इसके कुछ देर बाद दूसरा युवक निकलता है। जो गाड़ी स्टार्ट कर साथियों की गाड़ी के पीछे लगा लेता है और आसानी से निकल जाते हैं। पिछले 15 दिनों में चोरी हुई छह गाड़ियों में ज्यादातर सफेद हैं।
गिरोहों की कुंडली खंगाल रही पुलिस
ऐसे गिरोह के बारे में पुलिस टीम जानकारी हासिल कर रही है। पिछले साल पकड़े गए गिरोहों के बारे में भी डिटेल निकाला गया है। कुछ जेल से बाहर हुए हैं। उनके बारे में जानकारी हासिल की जा रही है। वहीं वारदात स्थल से मिले सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की बारीकी से जांच की जा रही है। क्राइम ब्रांच की टीम भी ऐसे गिरोहों की कुंडली तैयार कर रही है। जल्द ही ऐसी चोरियों को अंजाम देने वाला गिरोह दबोच लिया जाएगा।
- नीलाब्जा चौधरी, संयुक्त पुलिस आयुक्त, अपराध