जेवरों के लिए हुए विवाद से गुस्साए युवक ने पत्नी को मिट्टी का तेल छिड़क कर जिंदा जला दिया। पत्नी को आग का गोला बना देख वह मौके से भाग निकला।
ग्रामीणों की सूचना पर गांव पहुंची एंबुलेंस ने महिला को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने शव को आवश्यक कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मायके वालों ने पति के खिलाफ हत्या की तहरीर दी है। वारदात के बाद से आरोपी पति फरार है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के गांव बड़ागांव निवासी अवधेश कुमार व उसकी पत्नी गनेशी देवी (40) अहमदाबाद में पानी-पूरी का धंधा करते थे।
रविवार की सुबह ही दोनों वापस अपने गांव आए थे। पति-पत्नी के बीच जेवरों को लेकर कहासुनी हुई। ये कहासुनी अचानक इतनी बढ़ गई कि पति ने अपना आपा खो दिया।