लखनऊ के रमाबाई स्थित मनिपाल पब्लिक स्कूल के बाहर बृहस्पतिवार को कक्षा चार के एक छात्र को अज्ञात युवक ने ब्लेड से वार कर घायल कर दिया। छात्र ने घर पहुंच कर अभिभावकों से घटना के बारे में जानकारी दी। अभिभावकों ने स्कूल के प्रधानाचार्या से इसकी शिकायत की है।
प्रधानाचार्या ने सीसीटीवी कैमरे के माध्यम से युवक की पहचान करने का आश्वासन दिया है। एल्डिको निवासी व्यापारी ऋषि मिश्रा का 12 वर्ष का बेटा शिव मिश्रा मनीपाल पब्लिक स्कूल में चौथी कक्षा में पढ़ता है। आरोप है कि स्कूल की छुट्टी के बाद जब वह बाहर निकल कर बस पर चढ़ने गया तभी किसी युवक ने उसके हाथ पर ब्लेड से वार कर दिया।
अभिभावक ने बताया कि अज्ञात युवक ने शिव को धमकी भी दी। छात्र के बताने पर ऋषि ने स्कूल पहुंच कर प्रधानाचार्या अनुपमा मिश्रा से शिकायत की। प्रधानाचार्या ने उनको आश्वासन दिया है कि शुक्रवार को सीसीटीवी कैमरे की मदद से अज्ञात युवक की पहचान कराई जाएगी। यदि वह स्कूल काman छात्र निकला तो उसको निष्कासित कर दिया जाएगा।