लखनऊ। कृष्णानगर इलाके में महिला को नशीला लड्डू खिलाकर दुष्कर्म करने के बाद उसका अश्लील वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर सात माह तक शोषण किया गया। विरोध करने पर महिला से तीन लाख रुपये की रंगदारी भी मांगी। पीड़िता ने कृष्णानगर थाने में मुकदमा दर्ज कराया जिस पर पुलिस ने आरोपी को रविवार देर रात गिरफ्तार कर लिया।
प्रभारी निरीक्षक कृष्णानगर आलोक कुमार राय के मुताबिक, इलाके की महिला ने पड़ोसी युवक सौरभ सिंह पर फरवरी से दुष्कर्म करने का आरोप लगाया था। केस दर्ज करने के बाद जांच में मामला सही पाया गया। आरोपी सौरभ सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं इस वारदात में सौरभ के पिता व उसके भाई को भी आरोपी बनाया गया है। पुलिस इन दोनों की भूमिका की जांच कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, महिला के पति के बाहर नौकरी करने के चलते पड़ोसी सौरभ ने उससे दोस्ती की। इसी का फायदा उठाकर सौरभ ने उसके साथ गलत हरकत की। वीडियो बनाकर पैसों की मांग करने लगा। इस पर महिला ने अपने जेवर रखकर दो लाख रुपये भी दिए। इसी दौरान सौरभ ने वीडियो वायरल करने की धमकी देकर पांच लाख रुपये और मांगे। पीड़िता ने सौरभ के घर जाकर शिकायत की। उसका आरोप है कि उसके परिवारीजनों ने आरोपी का साथ देते हुए उसे भगा दिया।
पीड़िता का आरोप है कि आरोपी सौरभ पति को वीडियो भेजकर बदनाम करने की धमकी दे रहा था। जानकारी करने पर पता चला कि उसने कुछ लोगों को उसका अश्लील वीडियो दिखा दिया है। इसके बाद महिला ने पुलिस से शिकायत की। पुलिस के मुताबिक, आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।