बिना सर्जरी बढ़ेगी होठों व पलकों की खूबसूरती
पीजीआई में आक्युलो फेशियल एस्थेटिक कोर्स के दौरान विशेषज्ञों ने दी जानकारी
अगर कोई होंठ और पलकों को खूबसूरत करवाना चाहता है तो उसे सर्जरी की जरूरत नहीं पड़ेगी। यह काम एक इंजेक्शन से ही हो सकता है। यह कहना है प्लास्टिक सर्जन प्रो. अंकुर भटनागर का। वह शनिवार को संजय गांधी पीजीआई में आयोजित आक्युलो फेशियल एस्थेटिक कोर्स के दौरान जानकारी दे रहे थे।
प्रो. भटनागर ने बताया कि डर्मल फिलर, बोटॉक्स, हाइलूरोनिक एसिड, लाइपोफिलिंग, बायोजेल के इंजेक्शन का प्रयोग चेहरे की झुर्रियों को दूर करने में किया जाता है। साथ ही जिस स्थान पर गड्ढे हैं, उन्हें भरा जा सकता है। चेहरे का कोई हिस्सा अधिक लटक रहा है तो उसे भी इंजेक्शन से चुस्त किया जा सकता है।
इंदिरा गांधी नेत्र चिकित्सालय की डॉ. निधि पांडेय ने बताया कि होंठ का आकार ठीक करने के लिए कई फिलर हैं, जिन्हें इंजेक्ट कर होंठों को आकर्षक बनाया जाता है। इस दौरान सीएमएस प्रो. अमित अग्रवाल, प्लास्टिक सर्जरी विभागाध्यक्ष प्रो. राजीव अग्रवाल, प्रो. अनुपमा सिंह, नेत्र रोग विभागाध्यक्ष प्रो. कुमुदनी शर्मा, प्रो. विकास कनौजिया, त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉ. अजीत मौजूद रहे।
होंठों को मिल रहा मनचाहा आकार
होंठ के आकार को बदलवाने का चलन बढ़ा है। कई बार महिलाएं होंठ को स्टार के होंठों की तरह प्रतिलिपि बनाने को कहती हैं। ऐसे में चेहरे के हिसाब से उन्हें आकार दिया जाता है। देखा गया है कि ऊपर के होंठ पतले होते हैं और नीचे के होंठ लटक जाते है। इसके अलावा ऊपरी होंठ सामने की ओर फैलता है और नीचे से थोड़ा ढंका होता है। इन्हें फिलर इंजेक्शन के जरिये मनचाहा आकार दिया जा सकता है।
- प्रो. अंकुर भटनागर, एसजीपीजीआई
पलकों की झुर्रियां होंगी गायब
कुछ लोगों की पलकों पर झुर्रियां आ जाती हैं तो कुछ की पलकें झपकती रहती हैं। ऐसे में इंजेक्शन के जरिये उनकी मांसपेशियां टाइट की जाती हैं। पलक के टाइट होने से आईब्रो के फैलाव को भी कम किया जा सकता है। इसके अलावा आंख के नीचे पड़ने वालीं झुर्रियां, आंख के आसपास पड़ने वाले गड्ढे को भी फिलर के इंजेक्शन से भरा जा सकता है।
-प्रो. रचना अग्रवाल, नेत्र रोग विभाग, एसजीपीजीआई