अफसरों के साथ मीटिंग करते सीएम आदित्यनाथ
- फोटो : amar ujala
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को इलाहाबाद में वर्ष 2019 में होने वाले अर्द्धकुंभ मेले की तैयारियां अभी से करने के निर्देश दिए हैं।
सचिवालय एनेक्सी में शनिवार को समीक्षा बैठक में सीएम ने कहा कि अर्द्धकुंभ के लिए गंगा-यमुना की निर्मलता अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने गंगा को प्रदूषणमुक्त बनाने के लिए कानपुर व कन्नौज जिलों में चल रहे चमड़ा उद्योग इकाइयों को चरणबद्ध तरीके से शिफ्ट करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यूपी में प्रवेश के बाद गंगा के किनारे बसे कई जिलों के नालों, उद्योगों का उत्प्रवाह इसमें गिराया जाता है। इससे गंगा का जल अत्यधिक प्रदूषित हो चुका है। यह सुनिश्चित करना होगा कि गंगा में प्रदूषित जल न पहुंचे।
योगी ने कहा कि रुड़की के पास से गंगा के जल को विभिन्न क्षेत्रों में जल की समस्या से निपटने के लिए अनेक नहरों की ओर डायवर्ट किया जाता है, जिससे नदी में जल की मात्रा कम हो जाती है।