लखनऊ। दुबग्गा में यादव बाजार कॉलोनी निवासी परचून दुकानदार मनीष गुप्ता के दो मंजिला मकान में बृहस्पतिवार सुबह आग लग गई। मकान में मनीष की दुकान और गोदाम भी था। दमकलकर्मियों ने तीन गाड़ियों से दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
मनीष गुप्ता के मुताबिक मकान के भूतल पर वह दुकान चलाते थे। भैया दूज पर बुधवार को वह पत्नी के साथ ससुराल गए थे। बृहस्पतिवार सुबह करीब आठ बजे उनके मकान से आग की लपटें और धुआं निकलता दिखा। सूचना पर मनीष के छोटे भाई मिलन गुप्ता आ गए। देखते ही देखते आग विकराल हो गई। घटना की जानकारी दमकल को दी गई। मिलन ने पड़ोसियों के साथ मिलकर ताला तोड़कर दुकान में रखा सामान निकालना शुरू किया। इस बीच एफएसओ चौक तीन गाड़ियों के साथ मौके पर पहुंचे। आग बुझाने का काम शुरू किया गया। धुएं के कारण दमकल कर्मियों को समस्या का सामना करना पड़ा। टीम ने ब्रीथिंग ऑपरेटिंग सेट पहन कर दोबारा रेस्क्यू कार्य शुरू किया। मनीष ने बताया कि घटना के कारण उनका करीब 20 लाख का नुकसान हो गया। एसीपी काकोरी शकील अहमद ने बताया कि जांच में सामने आया है कि मकान में आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी थी।