लखनऊ। किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म के मामले में चिनहट पुलिस मुख्य आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। मंगलवार को पीड़िता का मजिस्ट्रेट के सामने बयान दर्ज कराया जाना था, पर डॉक्टरों ने उसकी हालत देखकर इससे मना कर दिया। मुख्य आरोपी का एक साथी भी हिरासत में है, पर पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है।
डीसीपी पूर्वी शशांक सिंह ने बताया कि हिरासत में लिया गया आरोपी किशोरी के गांव का है। वह बालिग है या नाबालिग, अभी तय होना बाकी है। घटना में बाकी आरोपियों के शामिल होने की जांच की जा रही है। डीसीपी ने बताया कि जल्द ही पीड़िता का मजिस्ट्रेट के सामने बयान दर्ज कराया जाएगा। वहीं, पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों और किशोरी के मोबाइल की कॉल डिटेल खंगाली तो कई चौकाने वाले तथ्य मिले। हालांकि, इस बारे में पुलिस के अधिकारी खुलकर बोलने को तैयार नहीं है।