मंत्री के सहायक की शिकायत पर पुलिस कर रही जांच
- फोटो : amar ujala
कैबिनेट मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य की जीमेल आईडी हैक करने का मामला प्रकाश में आया है। मंत्री के सहायक ने बुधवार को अज्ञात हैकर के खिलाफ गौतमपल्ली थाने में शिकायत की जिस पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
प्रभारी निरीक्षक विजयसेन प्रताप सिंह ने बताया कि साइबर सेल की मदद से मामले की जांच की जा रही है। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि कैबिनेट मंत्री की जीमेल आईडी हैक करके साइबर अपराधियों ने उनकी वेबसाइट पर आपत्तिजनक तस्वीरें और मेसेज पोस्ट कर दिए।
हैकरों ने एक फोटो पोस्ट की है जिसमें ऊपर की तरफ ‘स्वामी प्रसाद मौर्य बीजेपी हैक्ड’ लिखा है।जबकि नीचे ‘पाकिस्तान कश्मीर जिंदाबाद’ और ‘मोहम्मद बिलाल टीम पीसीई’ लिखा है। आखिर में ‘catch.if.you.can@hotmail.com’ का पता दिया गया है।
परिचितों व करीबियों के फोन आने पर मंत्री के सहायक मनोज चौधरी ने थाने में शिकायत की। उन्होंने कहा कि मंत्री की वेबसाइट पर आपत्तिजनक फोटो डालकर व अभद्र बातें लिखकर उन्हें बदनाम करने की साजिश रची जा रही है। प्रभारी निरीक्षक का कहना है कि किसी शरारती तत्व ने यह काम किया है। हैकर का पता लगाया जा रहा है।