कुंभ की वजह से ट्रेनों में भारी भीड़।
- फोटो : अमर उजाला।
प्रयागराज महाकुंभ के लिए देशभर से चलने वाली ट्रेनों से अब तक 3.09 करोड़ श्रद्धालुओं ने सफर किया है। इस दौरान रेलवे की ओर से 12,583 ट्रेनों का संचालन किया गया। हालांकि रेलवे ने कहा था कि 26 फरवरी तक 13 हजार ट्रेनों का संचालन किया जाएगा। वर्तमान स्थिति को देखते हुए यह आंकड़ा पार हो जाएगा। मंगलवार को रेलवे ने महाकुंभ से संबंधित डाटा जारी किया है।
रेलवे के मुताबिक अब तक महाकुंभ में करीब 53 करोड़ लोगों ने स्नान किया है। रेलवे ने महाकुंभ के आयोजन को देखते हुए पिछले तीन सालों में करीब पांच हजार करोड़ रुपये से विभिन्न कार्य कराए थे। जिससे ट्रेनों का सफल और सुचारु संचालन हो सके। इसमें यात्री ट्रेनों को प्राथमिकता देते हुए मालगाड़ियों को अलग रूट पर डायवर्ट किया गया ताकि यात्री गाड़ियों का संचालन सुचारू रूप से हो सके। रेलवे की ओर से जारी किए आंकड़ों के तहत 16 फरवरी को 18.48 लाख और 17 फरवरी को 18.60 लाख यात्रियों ने ट्रेनों से सफर किया है।
आवाजाही के लिए नौ रेलवे स्टेशन को संवारा गया। सभी स्टेशनों पर मिलाकर कुल 48 प्लेटफार्म और 21 फुट ओवर ब्रिज हैं। मेला क्षेत्र स्टेशनों को 1,186 सीसीटीवी कैमरों से लैस किया गया है। 23 स्थायी होल्डिंग क्षेत्र बनाए गए हैं, जहां यात्री रुक सकते हैं। 12 भाषाओं में अनाउंसमेंट किया जा रहा है। 13,000 आरपीएफ, 10,000 जीआरपी व अर्धसैनिक कर्मचारी तैनात किये गए हैं। 3,000 से अधिक रनिंग स्टाफ नियुक्त किए गए हैं, जिससे कि ट्रेनों का संचालन आसानी से हो सके।