गोसाईगंज क्षेत्र में गिरे पोल और तार
- फोटो : amar ujala
राजधानी लखनऊ में बुधवार दोपहर को आई आंधी एवं बारिश के कारण गोसाईगंज, नगराम, काकोरी सहित बड़े हिस्से में बिजली आपूर्ति ठप हो गई। यह बिजली संकट आंधी से पोल-तार टूटने और ट्रांसफार्मर गिरने के कारण उत्पन्न हुआ। हालांकि, बारिश थमने के बाद टूटे पोल-तारों को सही कर बिजली आपूर्ति को सामान्य करने की कार्रवाई शुरु हुई।
आंधी के कारण गोसाईगंज उपकेंद्र के तहत पहाड़पुर और मोहम्मदपुर गढ़ी की ओवर हेड लाइन पर पेड़ गिरने के कारण तार व पोल टूट कर अस्त-व्यस्त हो गए। कई जगहों पर ओवर हेड लाइनों पर पेड़ गिरने के कारण उनके पोल झुक गए। दरअसल, पेड़ के बोझ से पोल व तार तो नहीं टूटे मगर व तिरछे हो गए।
काकोरी उपकेंद्र की 33 केवी लाइन में फॉल्ट आ गया जिसके कारण हरदोई रोड और काकोरी कस्बे एवं आसपास के गांवों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। दुबग्गा उपकेंद्र के तहत दहशरी बाग फीडर में फॉल्ट आने के कारण दोपहर से बिजली बंद चल रही है।
इसी प्रकार नौबस्ता, भोला का पूर्वा, मटेरा, बड़ेहा, भादुवा, जवाहर सिंह का पूर्वा, ढ़ोडे का पूर्वा, अर्जनी खेड़ा, सुबंश खेड़ा,बहरौली, गुमवा खेड़ा, नेहरूनगर, शहजादे पुर, मखदूम नगर, रसूलपुर आशिक अली, मोदीनगर और नगराम रोड गंगागंजगांव की सप्लाई बाधित है।