अटल बिहारी वाजपेयी चिकित्सा विश्वविद्यालय
लखनऊ। नर्सिंग प्रवेश परीक्षा में राजधानी की प्रतिभा ने एक बार फिर अपनी पहचान बनाई है। अटल बिहारी वाजपेयी चिकित्सा विश्वविद्यालय (एबीवीएमयू) की ओर से घोषित सीनेट-2026 के परिणाम में लखनऊ की एलडीए कॉलोनी निवासी आंचल वर्मा ने पोस्ट बीएससी नर्सिंग प्रवेश परीक्षा में प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है। आंचल ने अपनी सफलता का श्रेय शिक्षकों के मार्गदर्शन, नियमित अध्ययन और सोशल मीडिया से दूरी बनाकर की गई तैयारी को दिया।
आंचल ने बताया कि जीएनएम की पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने पूरी एकाग्रता के साथ प्रवेश परीक्षा की तैयारी की। उनका मानना है कि सफलता का मूल मंत्र निरंतर अध्ययन और लक्ष्य के प्रति समर्पण है।
पोस्ट बीएससी नर्सिंग परीक्षा में आजमगढ़ के गोल्डी यादव दूसरे तथा लखनऊ की दीपांकिनी रॉय तीसरे स्थान पर रहीं। दीपांकिनी ने अपनी सफलता का श्रेय नियमित अध्ययन और लगातार रिवीजन को दिया। बीएससी नर्सिंग प्रवेश परीक्षा में गौतमबुद्ध नगर की अंजिली ने 120 में से 114 अंक प्राप्त कर प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया।
14,500 सीटों पर प्रवेश के लिए काउंसलिंग शुरू
एबीवीएमयू के कुलपति डॉ. अमित देवगन ने बताया कि ऑनलाइन काउंसिलिंग पंजीकरण शुरू कर दिया गया है। अभ्यर्थी अपनी पसंद के कॉलेजों का विकल्प भर सकेंगे। इसके बाद मेरिट के आधार पर सीट आवंटन किया जाएगा। परीक्षा नियंत्रक डॉ. देवाशीष शुक्ला के अनुसार प्रदेश के करीब 185 नर्सिंग संस्थानों की 14,500 सीटों पर प्रवेश के लिए छह जून को 20 जिलों के 307 केंद्रों पर परीक्षा आयोजित की गई थी। इसमें 1,35,074 अभ्यर्थी शामिल हुए थे।