राजधानी की रफ्तार दूसरे दिन बृहस्पतिवार को भी प्रदर्शनकारियों के चलते
थम गई।
सुबह से ही प्रदर्शनकारियों ने विधानसभा मार्ग पर कब्जा कर लिया।
इससे हजरतगंज, लालबाग, एनेक्सी, बर्लिंगटन चौराहे से लेकर चारबाग समेत अन्य
इलाकों में जाम लगा रहा। इसका सबसे बड़ा खामियाजा ऑफिस, दैनिक यात्रियों
और अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों को उठाना पड़ा।
पुलिस ने डायवर्जन कराया,
लेकिन उन मार्गों पर भी यातायात प्रभावित हुआ। पुलिस ने घंटों बाद
प्रदर्शनकारियों को समझाकर धरनास्थल के अंदर भेजा। शाम चार बजे के बाद
ट्रैफिक सामान्य हो सका।
सुबह 11 बजे से
विधानसभा का घेराव करने जा रहे माध्यमिक शिक्षक संघ (शर्मा गुट) के
पदाधिकारियों को पुलिस ने बापू भवन के पास रोक लिया। इसके बाद
प्रदर्शनकारियों ने विधानसभा-चारबाग मार्ग जाम कर दिया।
इसके चलते हजरतगंज,
लालबाग, चारबाग, संकल्प वाटिका, बंदरियाबाग, हुसैनगंज, एनेक्सी, विधानभवन
के पीछे से लेकर बर्लिंगटन चौराहे समेत समेत आसपास के एक से डेढ़ किमी के
क्षेत्र में वाहनों की लंबी कतार लग गई।
पुलिस ने सड़क के एक हिस्से में
बैरीकेटिंग करके यातायात चालू कराया, लेकिन वाहनों की लंबी कतार से जाम लगा
रहा। तीन घंटे तक प्रदर्शनकारी विधानभवन के सामने डटे रहे।
पुलिस ने
हजरतगंज से चारबाग जाने वाले वाहनों को विधानभवन से पहले ही लालबाग की ओर
बैरीकेडिंग लगाकर मोड़ दिया। इसी तरह एनेक्सी व सिविल अस्पताल की
ओर से विधानभवन के पीछे से होकर आने वाले वाहनों को बापू भवन चौराहे से
मोड़ा जा रहा था।
इसके बाद पुलिस ने प्रदर्शनकारियों ने समझाकर धरनास्थल
भेजा। एसपी ट्रैफिक सभाराज का कहना है कि प्रदर्शनकारियों की
वजह से कुछ समय के लिए ट्रैफिक जाम हुआ था।