राजधानी में ऑटो का सफर शुक्रवार से महंगा हो गया। ऑटो महासंघ ने
गुरुवार को मनमाने तरीके से नए किराए की सूची जारी कर दी।
किराए में एक से
छह रुपये तक की बढ़ोतरी की गई है। अब लोगों को ऑटो में बैठने पर न्यूनतम 6
रुपये किराया देना होगा। नए किराए की सूची ऑटो पर चस्पा भी कर दी गई है।
लखनऊ
ऑटो रिक्शा थ्री व्हीलर्स महासंघ के अध्यक्ष पंकज दीक्षित ने बताया कि
संभागीय परिवहन अधिकारी की सहमति से ऑटो किराए की गणना 5.90 रुपये प्रति
किलोमीटर के हिसाब से करके उसकी सूची जारी कर दी गई है।
यह सूची परिवहन
अधिकारी को भी दे दी गई। उन्होंने बताया कि अब तब न्यूनतम तीन किलोमीटर का
जो किराया पांच रुपये था उसको बढ़ाकर छह रुपये कर दिया गया है।
उन्होंने
बताया कि चारबाग से मुंशीपुलिया के लिए 20 रुपये देने पड़ते थे,
लेकिन अब उन्हें 23 रुपये चुकाने होंगे। महासंघ के
प्रवक्ता पीयूष वर्मा ने बताया कि नया किराया शुक्रवार सुबह से प्रभावी हो
जाएगा।
दूसरी तरफ आरटीओ एपी सिंह ने बताया
कि महासंघ ने किराया सूची जारी करने की सूचना दी है। लेकिन किराया बढ़ोतरी
पर मेरी सहमति नहीं है।
राज्य परिवहन प्राधिकरण के रेट बढ़ोतरी के आधार पर
किराया सूची पहले ही जारी हो चुकी है। अधिक किराया वसूलने वाले ऑटो ऑपरेटर
पर कार्रवाई करेंगे।