दसवीं मंजिल से युवती के गिरने की सूचना पर पहुंचे एसीपी छानबीन करते हुए।
- फोटो : amar ujala
सुशांत गोल्फ सिटी के न्यू हजरतगंज स्थित ओमेक्स के होटल सेल्स्टियल मैन्योर की 10वीं मंजिल से गिरकर सोमवार शाम समरीन (24) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद उसके साथ होटल के कमरे में मौजूद युवक अवनीश कुमार भाग निकला। पुलिस हत्या, हादसे और आत्महत्या समेत सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।
एडीसीपी दक्षिण रल्लापल्ली वसंथ कुमार ने बताया कि सोमवार शाम करीब सात बजे होटल के सिक्योरिटी इंचार्ज ने घटना की सूचना दी। जांच में पता चला कि समरीन चौक के हाता सूरत सिंह की निवासी थी, जबकि अवनीश सुलतानपुर के दोस्तपुर नगर पंचायत क्षेत्र के फिरोजपुर खुर्द का रहने वाला है।
ये भी पढ़ें - लिव-इन का खौफनाक अंत: एक साल पहले कारोबारी को मिली थी धमकी, इशारे पर नचाती थी श्रद्धा
ये भी पढ़ें - फरार मॉडल प्रेमिका के घर मिली यौन संतुष्टि-यौनवर्धक सामग्री, दिल्ली के साथ इन जगहों पर दबिश दे रही पुलिस
दोनों ने सोमवार सुबह करीब 11:46 बजे होटल की 10वीं मंजिल पर कमरा नंबर 1037 में चेकइन किया था। शाम को समरीन कमरे से नीचे गिर गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए। आधार कार्ड की मदद से परिजनों से संपर्क कर उन्हें घटना की जानकारी दी गई। एडीसीपी ने बताया कि युवती किन परिस्थितियों में नीचे गिरी, इसकी जांच की जा रही है। परिजन अभी बयान देने की स्थिति में नहीं हैं।
लिफ्ट से नीचे आया, बाइक से भागा युवक
एसीपी गोसाईंगंज ऋषभ यादव ने बताया कि घटना के बाद अवनीश लिफ्ट से नीचे आया और बेसमेंट से एक अन्य व्यक्ति के साथ बाइक पर बैठकर चला गया। पुलिस उसके अचानक होटल से निकलने और समरीन से संबंधों की जानकारी जुटा रही है।