लखनऊ के इंदिरा नगर में सोमवार रात हुए विवाद में छह लोगों ने महिला को बाल पकड़ते हुए सड़क पर घसीटा और फिर बुरी तरह पीटा। आरोपियों पर अश्लीलता करने का भी आरोप है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है।
महिला के मुताबिक सोसाइटी के पार्क में पशुओं का प्रवेश वर्जित है। रात 8:30 बजे अजय जायसवाल की बड़ी बेटी पालतू कुत्ते को पार्क में शौच करा रही थी। यह देख उन्होंने इसकी फोटो सोसाइटी के व्हाट्सएप ग्रुप पर डाल दी।
आरोप है कि इससे नाराज होकर अजय रात 10 बजे दोनों बेटियों, पत्नी और एक युवक व महिला के साथ एसयूवी से उनके घर पहुंचे और गेट पीटने लगे। आरोप है कि शोर सुनकर महिला बाहर निकलीं तो आरोपी बाल पकड़कर घसीटते हुए उन्हें सड़क पर ले गए और लाठी-डंडों से पीटना शुरू कर दिया।
चीख सुनकर पति बचाने के लिए आए तो उन्हें भी पीट दिया। लोगों के जुटने पर आरोपी धमकाते हुए भाग निकले। लोगों ने घटना की जानकारी इंदिरानगर पुलिस को दी। इंस्पेक्टर अजय नारायण सिंह ने बताया कि तफ्तीश की जा रही है। फुटेज और साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।