दरोगा से की अभद्रता और गिरफ्तार किया गया आरोपी (दायें)
- फोटो : amar ujala
अमौसी गांव स्थित पुलिस बूथ पर तैनात बीट प्रभारी अंकित बालियान से सफारी सवार दो युवकों ने अभद्रता की। दरोगा ने हूटर नहीं बजाने के लिए कहा था। इसी बात पर विवाद हो गया। आरोपियों ने दरोगा को जकड़ लिया और उसका मुंह दबा दिया। दरोगा किसी तरह खुद को बचाते रहे। वर्दी उतरवाने की धमकी दी। पुलिस ने आरोपियों गंगानगर निवास शोभित कश्यप और उसके साथी अमौसी निवासी शिवम रावत को गिरफ्तार कर लिया है। गाड़ी भी सीज की गई है।
दरोगा के मुताबिक सोमवार दोपहर करीब 2:30 बजे बूथ पर थे तभी सफारी चालक हूटर बजाने लगा। उन्होंने टोका और पूछताछ की तो सफारी चालक व उसके दोस्त ने गाली गलौज शुरू कर दी। हाथापाई में दरोगा की वर्दी में लगा पुलिस का बैज टूट गया। दरोगा ने सफारी चालक को हिरासत में लेकर थाने में सूचना दी।
दरोगा के मुताबिक शोभित कभी खुद को वकील तो कभी पत्रकार तो कभी किसान नेता बताकर अर्दब में ले रहा था। कचहरी की धमकी देने लगा। इस बीच इंस्पेक्टर राजदेव राम प्रजापति पुलिस बल के साथ पहुंच गए। दोनों को हिरासत में लेकर थाने ले जाया गया।
साथियों को बुलाकर किया हंगामा, नारेबाजी
दरोगा का आरोप है कि विवाद कर रहे शोभित को जब समझाने की कोशिश की गई तो उसने अपने अन्य साथियों को बुला लिया। इसके बाद वहां पर ममता रावत, दो महिलाओं व चार-पांच युवकों के साथ वहां पहुंची और हंगामा शुरू कर दिया। आरोपियों ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। शांत कराने पर आरोपियों ने दुष्कर्म व छेड़छाड़ के झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी। दरोगा अंकित की ओर से शोभित कश्यप, शिवम रावत, ममता रावत, पांच अज्ञात युवक और दो महिलाओं के खिलाफ सरकारी कर्मचारी के साथ मारपीट, वसूली, धमकी व अन्य धाराओं में केस दर्ज कराया गया है।