परिवहन निगम ने चारबाग बस अड्डे से मंगलवार को लखनऊ-वृंदावन वॉल्वो सेवा का शुभारंभ कर दिया है। लखनऊ से वाया मथुरा होकर दिल्ली जाने वाली वॉल्वो का वृंदावन तक विस्तार किया गया है।
आलमबाग डिपो की सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक श्वेता सिंह ने बताया कि रात 9:30 बजे लखनऊ से चलकर यह वॉल्वो सुबह 7:30 बजे वृंदावन पहुंचेगी। इसी प्रकार वृंदावन से शाम 6:30 चलकर दूसरे दिन सुबह पांच बजे लखनऊ में चारबाग पहुंचेगी।लखनऊ से वृंदावन की 465 किमी दूरी का किराया 1145 रुपये है। यह वॉल्वो कानपुर, औरैया, इटावा, शिकोहाबाद, आगरा, मथुरा होकर वृंदावन जाएगी।
यूपी राज्य सड़क परिवहन निगम वॉल्वो सहित अन्य एसी बस में वीआईपी कोटा के नाम पर चार सीटें छोड़ने की व्यवस्था को खत्म करने पर विचार कर रहा है। इन चार सीटों की ऑनलाइन बुकिंग नहीं होती। रास्ते में यात्री मिल गए तो कंडक्टर ले जाते, नहीं तो यह सीट खाली रह जाती हैं। प्रबंधन का फैसला हुआ तो वीआईपी कोटे की चार सीटें भी ऑनलाइन बुक होंगी।