लखनऊ। शोध की गुणवत्ता सुधारने और डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए लखनऊ विश्वविद्यालय ने तीन मैसिव ओपन ऑनलाइन कोर्स (मूक्स) शुरू किए। कुलपति प्रो. जय प्रकाश सैनी के संरक्षण में मंथन हॉल में इनका शुभारंभ हुआ। विश्वविद्यालय के लर्निंग मैनेजमेंट सिस्टम पर संचालित पाठ्यक्रमों के लिए 15 अक्तूबर से पंजीकरण शुरू होगा।
तीनों कोर्स आठ सप्ताह के होंगे। शोधार्थियों के लिए ‘एथिक्स फर्स्ट एक्सीलेंस इन रिसर्च एंड रिस्पॉन्सिबल पब्लिशिंग’ दो क्रेडिट का है। वहीं, स्नातक सातवें सेमेस्टर के विद्यार्थियों के लिए ‘एथिक्स इन रिसर्च’ और ‘रिसर्च मेथडोलॉजी’ चार-चार क्रेडिट के हैं। इन कोर्स के जरिये विद्यार्थियों को शोध के नैतिक सिद्धांतों, अकादमिक ईमानदारी, जिम्मेदार प्रकाशन और शोध की व्यवस्थित प्रक्रियाओं की जानकारी दी जाएगी। पाठ्यक्रमों का समन्वय शिक्षा शास्त्र विभाग की प्रो. किरण लता डंगवाल ने समन्वय ने किया। परीक्षा नियंत्रक विद्यानंद त्रिपाठी सहित कई शिक्षक मौजूद रहे।