लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय के स्नातक विद्यार्थियों के लिए पढ़ाई पूरी करने के बाद रोजगार पाने का अवसर है। विप्रो एचआर सर्विसेज इंडिया प्राइवेट लिमिटेड विश्वविद्यालय के द्वितीय परिसर स्थित प्लेसमेंट सेल के माध्यम से कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव का आयोजन करने जा रही है। इसमें वर्ष 2027 में स्नातक उत्तीर्ण करने वाले विद्यार्थी शामिल हो सकेंगे। चयनित अभ्यर्थियों को सालाना 3.75 लाख रुपये का वेतन पैकेज मिलेगा। इसके साथ प्रदर्शन के आधार पर अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि भी दी जाएगी। नियुक्ति नोएडा या गुरुग्राम में होगी।
प्लेसमेंट सेल के चेयरमैन प्रो. एसपी सिंह ने बताया कि कस्टमर सर्विस रिप्रेजेंटेटिव के पद पर चयनित अभ्यर्थियों को ग्राहक सेवा से जुड़े कार्य करने होंगे। कंपनी की निर्धारित शर्तों और पात्रता के अनुसार, चयनित विद्यार्थियों को परिवहन, स्वास्थ्य बीमा और प्रशिक्षण की सुविधाएं भी मिलेंगी। प्रो. एसपी सिंह ने बताया कि अभी विद्यार्थियों से आवेदन लिए जा रहे हैं, कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव के लिए तिथि का निर्धारण बाद में किया जाएगा। इसकी सूचना सभी आवेदकों को भेज दी जाएगी।
इन छह पाठ्यक्रमों के विद्यार्थी होंगे पात्र
प्लेसमेंट सेल के वाइस चेयरमैन डॉ. हिमांशु पांडेय के अनुसार, बीसीए, बीबीए, बीकॉम, बीए, बीएचएम और बीएससी के विद्यार्थी कस्टमर सर्विस रिप्रेजेंटेटिव पद के लिए आवेदन कर सकते हैं। हालांकि बीएससी में गणित, सांख्यिकी और अर्थशास्त्र ऑनर्स के विद्यार्थी इसके पात्र नहीं होंगे।
आज शाम पांच बजे तक करें आवेदन
इच्छुक एवं पात्र विद्यार्थी बृहस्पतिवार शाम पांच बजे से पहले इस लिंक forms.gle/SkkfdSJ4Sgq5mwt89 पर आवेदन कर सकते हैं। प्लेसमेंट सेल के चेयरमैन प्रो. एसपी सिंह ने विद्यार्थियों से समय सीमा के भीतर आवेदन करने की अपील की है।