पिछले करीब एक महीने से कुछ छात्रों की छेड़खानी से परेशान लखनऊ विश्वविद्यालय की दो छात्राओं ने आखिरकार हिम्मत करके उनका वीडियो बना करा चीफ प्रॉक्टर को सौंप दिया है।
अब प्रॉक्टोरियल टीम इन लड़कों की शिनाख्त करके कार्रवाई करने की तैयारी में है। बीएससी प्रथम वर्ष की इन छात्राओं के अनुसार वह लड़के खुद को एनडी हॉस्टल का बताकर करीब एक महीने से उनका हर जगह पीछा करने के साथ छींटाकशी कर रहे थे।
चीफ प्रॉक्टर प्रो. निशी पांडेय के पास शिकायत करने पहुंची इन छात्राओं ने इसी साल बीएससी प्रथम वर्ष में प्रवेश लिया है।
तिलक हॉस्टल में रहने वाली छात्रा ने बताया कि लगभग एक महीना पहले जब वह गेट नंबर चार से अपने हॉस्टल की तरफ जा रही थी तो इन शोहदों ने उसे रोककर नाम पूछा लेकिन, वह अनदेखा करके निकल गई।