लखनऊ से अयोध्या के बीच ट्रेन का सफर अब और भी सुरक्षित होगा। महज डेढ़ घंटे में यह सफर पूरा हो सकेगा, जबकि अभी ढाई से तीन घंटे तक लग जाते हैं। इसे लेकर लखनऊ से मल्हौर होते हुए बाराबंकी के रास्ते अयोध्या तक डबलिंग के कार्यों को परखने के लिए रेलवे बोर्ड सदस्य (इंफ्रास्ट्रक्चर) सुधांशु शर्मा लखनऊ दौरे पर पहुंचे थे। उन्होंने रेलवे स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं का भी जायजा लिया।
सीनियर डीसीएम रेखा शर्मा ने बताया कि मल्हौर से बाराबंकी के बीच नई लाइन बिछाने का कार्य चल रहा है। साथ ही अयोध्या रेलवे स्टेशन को अत्याधुनिक बनाने का कार्य भी जारी है। निरीक्षण में यात्रियों की सुरक्षा के मद्देनजर सुरक्षित रेल यात्रा और समयबद्ध ट्रेनों के संचालन पर जोर दिया गया।
मौके पर डीआरएम सुरेश कुमार सपरा सहित अन्य आला अधिकारी भी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने लखनऊ, मल्हौर, बाराबंकी, अयोध्या रेलखंड पर चल रहे दोहरीकरण के कामों का विंडो ट्रेलिंग से जायजा लिया।
इस बीच सभी व्यवस्थाओं और मानकों को परखते हुए जरूरी दिशा निर्देश दिए गए। रेलवे बोर्ड सदस्य ने निरीक्षण के दौरान अयोध्या का मास्टर प्लान भी देखा। अगले साल मार्च तक रेलवे लाइन दोहरीकरण का लक्ष्य पूरा करने के बाबत निर्देश दिए गए। रेलवे बोर्ड सदस्य ने कहा कि इससे यात्रियों का सफर सुविधाजनक हो सकेगा।