बख्शी का तालाब के भैंसामऊ गांव में सोमवार सुबह सुनील मौर्य के मकान में लगा लोहे का भारी-भरकम गेट अचानक गिर गया। इसके नीचे दबने से सुनील के बेटे शिवम (3) की मौत हो गई।
सुनील के मुताबिक वह बड़े बेटे विशाल को स्कूल छोड़ने की तैयारी कर रहे थे। वहीं, छोटा बेटा शिवम घर के गेट के पास खड़ा था। सुनील ने बाइक निकालने के लिए गेट खोला। इसी बीच बगल में खड़े शिवम के सिर पर गेट गिर गया। हादसे में सुनील बाल-बाल बच गए, लेकिन शिवम गेट के नीचे दब गया। शोरगुल सुन पड़ोसी सुनील के घर पहुंचे और गेट उठाकर शिवम को नीचे से बाहर निकाला। सिर पर चोट लगने से शिवम लहूलुहान हो गया। सुनील बेटे को लेकर ट्रामा सेंटर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने शिवम को मृत घोषित कर दिया।
कलेजे के टुकड़े की मौत से बेसुध हुई मां
बेटे की चीख सुन मां अंजू बाहर दौड़ीं। बेटे को खून से लथपथ देख वह दहाड़े मारकर रोने लगीं। जब अस्पताल से सुनील ने उन्हें कॉल कर कलेजे के टुकड़े की मौत की खबर दी तो वह बेसुध हो कर गिर पड़ीं। किसी तरह पड़ोसियों ने पानी के छींटे डालकर उन्हें होश में लाए। परिजनों ने किसी तरह से उन्हें संभाला।
गेट में लगे पेंच हो गए थे ढीले
पोस्टमार्टम हाउस में बेटे के शव को हाथों में लिए पिता सुनील ने रोते हुए बताया कि कुछ दिन पहले गेट में लगे पेंच ढीले हो गए थे। मगर इस ओर ज्यादा ध्यान नहीं दिया। वहीं बरसात भी हो रही थी। अगर जरा भी गेट गिरने की आशंका होती तो पहले ही उसकी मरम्मत करा लेता। शायद आज बेटे का शव न देखना पड़ता। इंस्पेक्टर बीकेटी संजय के मुताबिक परिजनों ने पुलिस को घटना की जानकारी नहीं दी है। शिकायत मिलती है तो मामले की जांच की जाएगी।