लखनऊ में काकोरी के बरकताबाद पुल के पास शुक्रवार सुबह बिना हेलमेट व कान में ईयरफोन लगाकर बाइक चल रहे किशोर मथनी (17) की मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर पड़ी। सिर पर चोट लगने से उसकी अस्पताल में मौत हो गई, जबकि मौसी अंजू घायल हो गईं।
विज्ञापन
ईंटगांव निवासी मथनी शुक्रवार सुबह वह मौसी अंजू के साथ बाइक से खुर्रमपुर से बरकताबाद होते हुए घर लौट रहा था। बरकताबाद पुल के पास तेज रफ्तार के दौरान बाइक का स्टैंड सड़क से टकरा और बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। हादसे में मथनी का सिर सड़क से टकरा गया। मथनी और अंजू दोनों घायल हो गए।
ग्रामीणों ने परिजनों की मदद से घायल किशोर और उसकी अंजू को बेहटा स्थित एक निजी अस्पताल पहुंचाया। इलाज के दौरान शाम को मथनी की मौत हो गई। वहीं अंजू का इलाज चल रहा है। इंस्पेक्टर काकोरी सतीश चंद्र राठौर ने बताया कि अगर किशोर हेलमेट लगाए होता तो शायद जान बच सकती थी। उन्होंने बताया कि परिजन अस्पताल से शव को बिना पोस्टमार्टम कराए साथ ले गए।