डीसीपी आशीष कुमार श्रीवास्तव के मुताबिक, गढ़ी कनौरा में डॉ. अनंत राम (75) पत्नी आशा देवी (73) के साथ रहते थे। अनंत राम ने 10 साल पहले बेटी पूनम की शादी निशातगंज पांचवीं गली निवासी जगदीप सिंह से की थी। शादी के बाद से पूनम और जगदीप में विवाद चल रहा था। नाराज होकर पूनम इसी साल अप्रैल में मायके आ गई थीं। बुधवार रात जगदीप ससुराल पहुंचा। पत्नी से बात करने की कोशिश की।
आरोपी की हरकतों से परेशान पूनम ने बात करने से मना कर दिया। इस पर वह दबाव बनाने लगा और पूनम की पिटाई कर दी। अनंत राम और आशा ने जगदीप को रोका तो वह गुस्सा गया। इसके बाद आरोपी ने दोनों पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए। शोरगुल सुनकर आसपास के लोग वहां पहुंचे। लोगों ने हिम्मत जुटाकर आरोपी को दबोच लिया। पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस गंभीर रूप से घायल अनंत राम और आशा को अस्पताल लेकर गई, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मौके से चाकू बरामद कर लिया है। डीसीपी ने बताया कि पूनम की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ हत्या की एफआईआर दर्ज की गई है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है।
छानबीन में सामने आया है कि आरोपी हत्या के इरादे से आया था। यही वजह है कि वह बैग में चाकू लेकर पहुंचा था। वह मौके की तलाश में था और कहासुनी होते ही उसने बैग से चाकू निकालकर हमला बोल दिया। छानबीन में सामने आया है कि आरोपी कोई काम नहीं करता था।
ससुर पर किया था पहला हमला, बचाने में गई आशा की जान
आरोपी ने सबसे पहले अनंत नाम पर चाकू से वार किया था। पति की चीख सुनकर आशा दौड़ते हुए वहां पहुंचीं। हमले से पति को बचाने का पूरा प्रयास किया, लेकिन वह कामयाब नहीं हो सकी। इस बीच हमलावर ने आशा पर भी चाकू से कई बार कर दिए। पति को बचाते हुए आशा की भी जान चली गई।
रेलवे सुरक्षा बल से सेवानिवृत्त थे अनंत राम, सरकारी स्कूल में शिक्षिका हैं पूनम
स्थानीय लोगों के मुताबिक अनंत राम रेलवे सुरक्षा बल से सेवानिवृत्त थे। पूनम प्राथमिक विद्यालय में शिक्षिका हैं। आरोपी के हमले में पूनम को भी काफी चोट आई है, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पूनम ने बताया कि जगदीप शराब का लती है। आए दिन मारपीट करता था। पूनम और जगदीश के दो बेटे हैं।
दहशत में मासूम, नहीं थम रहे आंसू
वारदात के दौरान पूनम का छोटा बेटा सनवीर (3) भी घर पर मौजूद था। इस वारदात के बाद मासूम सहम गया है। वह लगातार रो रहा है। परिजन मासूम को शांत कराने की कोशिश करते रहे, लेकिन वह नाना नानी को याद करता रहा। पूनम का दूसरा बेटा गुरुदित्त उनकी बड़ी बहन कंचन के पास जम्मू में है। पुलिस ने कंचन को घटना की जानकारी दी है। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। कॉलोनी में सन्नाटा पसर गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस बल तैनात है।