लखनऊ के कल्याण सिंह कैंसर संस्थान में सात नए विभाग खुलेंगे और 74 डॉक्टरों की संविदा पर भर्ती होगी। इससे त्वचा और रक्त कैंसर समेत कई रोगों का इलाज आसानी से होगा। आवेदन 8 जनवरी से 20 फरवरी तक होंगे। मार्च तक नियुक्ति की उम्मीद है।
चक गंजरिया स्थित कल्याण सिंह कैंसर संस्थान में डॉक्टरों की कमी दूर होने के साथ सात नए विभाग भी खुलेंगे। इससे यहां त्वचा और रक्त कैंसर का इलाज भी हो सकेगा। संस्थान इसके लिए संविदा पर 74 डॉक्टरों की भर्ती करेगा। इसका विज्ञापन जारी किया गया है। आठ जनवरी से 20 फरवरी के बीच आवेदन किए जा सकेंगे।
विज्ञापन
साक्षात्कार के आधार पर डॉक्टरों की भर्ती होगी। मार्च तक नियुक्ति होने की उम्मीद है। संस्थान की ओपीडी में इस समय प्रदेश भर से 400 से अधिक कैंसर के मरीज आ रहे हैं। 300 बेड पर मरीज भर्ती किए जा रहे हैं। इमरजेंसी में 25 बेड पर इलाज दिया जा रहा है। आने वाले दिनों में बेड की संख्या और बढ़ेगी। इसके लिए संविदा पर डॉक्टरों की तैनाती की जा रही है। संस्थान के निदेशक डॉ. एमएलबी भट्ट ने बताया कि इस समय संस्थान में 45 डॉक्टर हैं। नए डॉक्टर आने से इलाज में और आसानी होगी।