भारत में लखनऊ तीसरा सबसे प्रदूषित शहर: लालबाग में सड़क से उड़ती धूल कर रही है परेशान।
- फोटो : अमर उजाला
कई दिन से खराब श्रेणी में चल रही लखनऊ की हवा बुधवार को बेहद खराब श्रेणी में पहुंच गई। 328 वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) के साथ लखनऊ वायु प्रदूषण के मामले में देश में तीसरे नंबर पर पहुंच गया। पानीपत 350 व मेरठ 339 एक्यूआई के साथ क्रमश: पहले व दूसरे नंबर पर रहा। लखनऊ की हवा की स्थिति लाल निशान से ऊपर मिली।
लखनऊ में कई दिनों से लगातार प्रदूषण बढ़ रहा है। कुछ दिन पहले प्रशासन ने इसे रोकने को कई निर्देश जारी किए थे, दो-तीन दिन कार्रवाई व चेतावनी के शोरगुल के बाद सब शांत हो गया। परिणाम स्वरूप प्रदूषण की स्थिति फिर बिगड़ने लगी। तालकटोरा और लालबाग की हवा कई दिन से बहुत खराब की श्रेणी में है।
दोनों जगह एक्यूआई 300 से 350 के बीच रहा। गोमतीनगर की स्थिति अचानक बिगड़ी है। दो दिन पहले यहां सुधरी हुई हवा थी और एक्यूआई 155 था। अचानक यह 228 और फिर मंगलवार को बहुत खराब श्रेणी में 303 पहुंच गया। अलीगंज में हवा की स्थिति कई दिन से खराब श्रेणी में है।