महिलाओं को कॉल कर अश्लील बातें कर परेशान करने वाले पुजारी को वीमेन पावर लाइन (1090) की टीम ने गिरफ्तार कर लिया। टीम ने आरोपी को रायबरेली से गिरफ्तार किया। उसके खिलाफ लखनऊ, रायबरेली, सुल्तानपुर सहित कई जिलों की 60 महिलाओं व युवतियों ने शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने आरोपी के पास से मोबाइल व फर्जी नाम व पते पर खरीदे गये सिमकार्ड भी बरामद किये है।
वीमेन पावर लाइन (1090) के डीआईजी रविशंकर छवि केमुताबिक कई दिनों से लगातार दो मोबाइल नंबर के खिलाफ कॉल कर अश्लील बात कर परेशान करने व धमकी देने की शिकायत आ रही थी। शिकायत मिलने के बाद इन नंबरों को वीमेन पावर लाइन की टीम ने सर्विलांस पर लगाया। इस दौरान आरोपी देवेंद्र कुमार को कई बार चेतावनी दी गई थी। लेकिन उसने अपनी हरकतों को नहीं छोड़ा। देवेंद्र के खिलाफ करीब 60 महिलाओं ने शिकायत की थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी रविशंकर छवि ने विशेष टीम का गठन अजय पाल सिंह के नेतृत्व में किया। टीम ने अपने स्तर से पड़ताल शुरू की। दोनों मोबाइल नंबर फर्जी नाम व पते पर खरीदे गये थे। लेकिन एक ही मोबाइल से दोनों का प्रयोग किया जा रहा था।
गिरफ्तार कर भदोखर में दर्ज कराया मुकदमा
डीआईजी रविशंकर छवि के मुताबिक पुलिस टीम ने आरोपी को दबोचने के लिए जाल बिछाया। आरोपी के बारे में जानकारी हासिल की। तो पता चला कि देवेंद्र कुमार रायबरेली के भदोखर कल्याणपुर का रहने वाला है। वह पेशे से पुजारी है। पुलिस टीम ने उसे दबोच लिया। इसके बाद भदोखर थाने में उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। देवेंद्र पर छेड़छाड़, अश्लील हरकतें, फर्जी दस्तावेज पर सिम कार्ड हासिल करने की धारा में मुकदमा दर्ज किया गया। डीआईजी के मुताबिक आरोपी कथा व अन्य आयोजनों में पुजारी का काम करता है।
23 जिले की 60 महिलाओं ने किया शिकायत
डीआईजी के मुताबिक आरोपी देवेंद्र कुमार के खिलाफ प्रदेश के 23 जनपदों की 60 महिलाओं ने शिकायत दर्ज करायी थी। इनमें सबसे अधिक 10 शिकायत लखनऊ में दर्ज हैं। इसके अलावा प्रयागराज से 8, कानपुरनगर 7, वाराणसी 5, बाराबंकी 4, लखीमपुरखीरी, फतेहपुर में 3, बलिया, उन्नाव, जौनपुर, कन्नौज में 2-2, बस्ती, गाजियाबाद, श्रावस्ती, आजमगढ़, हमीरपुर, देवरिया, रायबरेली, कानपुर देहात, सीतापुर, गोंडा, हरदोई व गोरखपुर से एक-एक शिकायत दर्ज करायी गयी है। पूछताछ में आरोपी देवेंद्र कुमार ने कुबूल किाय उसने फर्जी पहचान पत्र पर दो सिमकार्ड लिए थे। वह किसी भी मोबाइल नंबर को मिलाता था। अगर कॉल लड़की या महिला रिसीव करती थी तो वह अश्लील बातें करना लगता था। पीड़िता के विरोध या थाने में शिकायत की बात कहने पर धमकी देता था।