पांच दिन में 13 घरों में डकैती व दो युवकों की हत्या से राजधानी को दहलाने वाले गैंग का सुराग लगते ही पुलिस की टीमें छापेमारी के साथ सुबूत एकत्र करने में जुट गई हैं। डकैतों की तलाश में राजस्थान गई टीम ने झुंझुनूं कोर्ट के बाहर घेराबंदी कर इनके तीन रिश्तेदारों को हिरासत में लिया।
बदमाशों के स्थानीय तार खंगालने में खुलासा हुआ कि गांवों से चार-पांच किमी दूर डेरा डालकर इलाके का जायजा लेने के बाद वारदात अंजाम दी गई थी। इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस से डकैतों की लोकेशन ट्रेस कर तीन इंस्पेक्टरों की टीम ने राजस्थान के झुंझुनू के गांवों व संभावित ठिकानों पर छापामारी कर इनके परिवारीजनों से पूछताछ की।
पता चला कि डकैती डालकर फरार बदमाशों के मुकदमे चल रहे हैं और पेशी पर जाना है। पुलिस ने संदेह के घेरे में आए बदमाशों के फोटो एकत्र किए और राजस्थान पुलिस की मदद से कोर्ट के बाहर घेराबंदी की। इस दौरान तीन रिश्तेदार हत्थे चढ़े, जो डकैती डालने निकले बदमाशों से मोबाइल पर संपर्क बनाए थे।
इनकी मदद से डकैतों की तलाश में दबिश दी गई। एसएसपी दीपक कुमार का कहना है कि पुलिस टीम जल्द डकैतों को पकड़कर लौटेगी। टीम को माल बरामदगी के लिए भी कहा गया है।