आगरा विश्वविद्यालय में मेडिकल परीक्षा की कॉपियां बदलने के आरोप में गिरफ्तार डेविड मारियो डेनिस की संपत्तियों की तलाश ईडी ने शुरू कर दी है। जांच में मारियो और उसकी कंपनी के कुछ बैंक खातों में गड़बड़ी पाई गई है, जिसकी मनीट्रेल का पता लगाया जा रहा है।
आगरा विश्वविद्यालय में मेडिकल परीक्षा की कॉपियां बदलने के आरोप में गिरफ्तार डिजिटेक्स्ट टेक्नोलॉजी के संचालक डेविड मारियो डेनिस की संपत्तियों की तलाश ईडी ने शुरू कर दी है। जांच में मारियो और उसकी कंपनी के कुछ बैंक खातों में गड़बड़ी पाई गई है, जिसकी मनीट्रेल का पता लगाया जा रहा है। ईडी की जांच के दायरे में मारियो की कंपनी द्वारा विश्वविद्यालय में बीते दस वर्षों के दौरान किए गये सारे काम आ चुके हैं।
विज्ञापन
बता दें कि डेविड मारियो की कंपनी बीते दस वर्षों से आगरा विश्वविद्यालय की परीक्षा से लेकर डिग्री छापने तक का सारा काम कर रही थी। एमबीबीएस और बीएएमएस की कॉपियां बदलने के मामले का खुलासा होने के बाद एजेंसी को काम मिलना बंद हो गया था। अब ईडी के अधिकारी ये पता लगा रहे हैं कि डेविड मारियो को दस वर्ष के दौरान विश्वविद्यालय से कितना भुगतान किया गया था। इस रकम को कहां पर निवेश किया जाता था।
सूत्रों की मानें तो उसके बैंक खातों से कई बार लाखों रुपये की रकम भी निकाली गई थी। आशंका जताई जा रही है कि ये रकम निकाल कर विश्वविद्यालय के कुछ अधिकारियों को कमीशन दिया जाता था। वहीं दूसरी ओर, फॉरेंसिक जांच रिपोर्ट के आधार पर उन छात्रों को भी चिन्हित किया जा रहा है, जिनकी कॉपियों को बदला गया था। इन सभी को तलब कर पूछताछ की जाएगी और उनका बयान दर्ज होगा। ईडी के अधिकारी इनका छात्रनेता राहुल पाराशर से आमना-सामना कराने की तैयारी भी कर रहे हैं।