- रूममेट और दोस्त पर ब्लैकमेल करने का आरोप
- विभूतिखंड पुलिस ने दोनों आरोपियों पर दर्ज किया केस
संवाद न्यूज एजेंसी
लखनऊ। गोमतीनगर निवासी युवती को शराब पिला कर जे क्लब के कर्मचारी विशाल यादव ने अश्लील फोटो और वीडियो बना लिए। फिर पीड़िता की रूममेट के साथ मिल कर उन्हें ब्लैकमेल करने के साथ ही वीडियो और फोटो वायरल कर दिए। मामले में विभूतिखंड पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ शनिवार को आईटी एक्ट में एफआईआर दर्ज की है।
युवती के मुताबिक बीते अप्रैल माह में उनकी दोस्ती विशाल से जे क्लब में हुई थी। धीरे-धीरे बातचीत बढ़ने पर आरोपी ने उनका भरोसा जीत लिया।एक दिन विशाल ने उन्हें क्लब में बुलाया और शराब पिलाई। अधिक नशा होने पर वह बेसुध हो गईं और आरोपी उन्हें विभूतिखंड स्थित डीएलएफ माय पैड अपार्टमेंट ले गया। यहां उसने वारदात की। होश आने पर विरोध किया तो आरोपी ने धमकी दी। पीड़िता ने जब दूरियां बना लीं तो आरोपी उनकी रूममेट से बात करने लगा। इस कारण पीड़िता का रूममेट से विवाद हो गया। आरोप है कि दोनों लोग उन्हें ब्लैकमेल करने लगे। उनकी फोटो और वीडियो फर्जी इंस्टाग्राम आईडी के जरिये उनके घरवालों को भेज दिए। उन्होंने विशाल का विरोध किया तो उसने कहा कि तुम्हारा सामूहिक दुष्कर्म हो चुका है। यह सुन पीड़िता डर गईं। किसी तरह से उन्होंने हिम्मत जुटाई और शनिवार को पुलिस से शिकायत की। इंस्पेक्टर सुनील कुमार सिंह के मुताबिक मामले की विवेचना दरोगा अरुण कुमार कर रहे हैं। जो भी साक्ष्य सामने आएंगे उस आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।