कई इलाकों में चला अतिक्रमण अभियान, हटाए गए कब्जे
प्रतिबंधित पॉलिथीन को लेकर जुर्माना भी वसूला
माई सिटी रिपोर्टर
लखनऊ। शहर में अतिक्रमण के खिलाफ नगर निगम ने बुधवार को एक भी अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया। इस दौरान विरोध के बीच सड़क पटरी से कब्जे हटाए गए और दो ट्रक सामान भी जब्त किया गया। इसके अलावा प्रतिबंधित पॉलिथीन का उपयोग करने वालों पर जुर्माना भी लगाया गया।
नगर निगम जोन एक के जोनल अधिकारी ओम प्रकाश सिंह ने बताया कि अभियान चारबाग से बार्लिंगटन चौराहा होते हुए बापू भवन तक तथा परिवर्तन चौक, शनिदेव मंदिर, मोती महल और सहारागंज स्थित जल निगम कार्यालय तक चलाया गया। अभियान के दौरान सड़कों और फुटपाथों पर अवैध रूप से रखे गए सामान को हटाया गया, जिसमें एक ट्रक सामान जब्त किया गया। नगर निगम जोन पांच के जोनल अधिकारी विनीत कुमार ने बताया कि अभियान मवैया रेलवे छत्ता पुल से चारबाग मेट्रो स्टेशन के नीचे होते हुए केकेसी तक और गीतापल्ली स्थित ईको गार्डन के पास बने शेल्टर होम के तक अवैध कब्जों को हटाया गया। इस दौरान 15 ठेले, छह गुमटी और चार काउंटर हटाए गए।
------------
प्रतिबंधित पॉलिथीन पर वसूला जुर्माना
जोन सात के जोनल सिनेटरी अधिकारी अजीत राय ने बताया कि प्रतिबंधित पॉलिथीन को लेकर अरविंदो पार्क के आसपास, मुंशीपुलिया चौराहा, इंदिरा नगर सेक्टर-12 व 13 इंदिरा नगर में अभियान चलाया गया। इस दौरान मेडिसिन सेंटर, कृष्णा फूड एंड कैफे, दुर्गा कचौड़ी भंडार तथा भोजनालय में प्रतिबंधित पाॅलिथीन मिलने पर 22000 रुपये का जुर्माना लगाया गया। जोन पांच की टीम ने भी चार हजार रुपये जुर्माना वसूला।