नगर निगम ने 4.70 करोड़ की जमीन से हटाया कब्जा
माई सिटी रिपोर्टर
लखनऊ। नगर निगम संपत्ति विभाग की टीम ने शुक्रवार को अमौसी गांव में 4.70 करोड़ रुपये की जमीन को अवैध कब्जे से मुक्त कराया। इस दौरान नगर निगम की टीम को विरोध का भी सामना करना पड़ा।
नगर निगम के तहसीलदार अरविंद पांडेय ने बताया कि अमौसी में करीब 19000 वर्ग फीट भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया है। इस भूमि की अनुमानित बाजारू कीमत लगभग 4.70 करोड़ रुपये आंकी गई है। लंबे समय से इस सरकारी भूमि पर अस्थायी निर्माण कर अवैध कब्जा किया गया था जिसे हटाकर फिर जमीन को नगर निगम के कब्जे में ले लिया गया है।