सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती भाजपा ने पदयात्रा निकाली
लखनऊ। हाथों में तिरंगा...भारत माता के जयकारों की गूंज और एकता का संदेश...ये नजारा बृहस्पतिवार को पूर्वी विधानसभा क्षेत्र में देखने को मिला। जहां भाजपा की तरफ से सरदार वल्लभ भाई पटेल की 150वीं जयंती पर राष्ट्रीय एकता यात्रा निकाली गई।
यात्रा की सरस्वती शिशु मंदिर इंदिरानगर से शुरू होकर भूतनाथ मार्केट पहुंची। यहां पर व्यापारियों ने पुष्प वर्षा कर यात्रा का स्वागत किया। यहां से यात्रा लक्ष्मणपुरी स्थित फॉर्मेटिव डे स्कूल, मिठाईवाला चौराहा होते हुए महामना मालवीय इंटर कॉलेज, गोमती नगर में जाकर समाप्त हुई। यहां पर आयोजित सभा में विधायक ओपी श्रीवास्तव ने कहा कि अंग्रेज भारत को दो नहीं, बल्कि 565 टुकड़ों में बांटने की साजिश कर रहे थे। तब लौह पुरुष सरदार पटेल ने सूझबूझ और कूटनीतिक कौशल से 565 में से 562 रियासतों को भारत में विलय कराया। उन्होंने भारत की एकता और अखंडता को अक्षुण बनाए रखा। भाजपा नेता डॉ नीरज सिंह ने कहा कि सरदार पटेल का सपना आत्मनिर्भर भारत का था, जिसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी साकार कर रहे हैं। यात्रा में महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी, क्षेत्रीय अध्यक्ष कमलेश मिश्रा, मीडिया प्रभारी प्रवीण गर्ग पूर्व मंत्री मोहसिन रजा राकेश सिंह , रामअवतार कनौजिया व महिला मोर्चा अध्यक्ष सीता नेगी समेत अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।