मामले की जांच के लिए पहुंचे पुलिसकर्मी।
- फोटो : amar ujala
विधायक निवास (ओसीआर बिल्डिंग) में सोमवार देर रात एक युवक का शव पड़ा मिला। तकरीबन 12 घंटे बाद शव की पहचान हुई। पुलिस की अब तक की जांच में सामने आया कि युवक की परिजनों से मारपीट हुई थी जिसके बाद वह घर से निकला था। कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई। अब तक साजिश के कोई साक्ष्य नहीं मिले हैं। तफ्तीश जारी है।
हुसैनगंज इंस्पेक्टर रामकुमार गुप्ता ने बताया कि ओसीआर बिल्डिंग के ए ब्लॉक में पार्किंग के पास लोहे की ग्रिल के बीच में सोमवार देर रात तकरीबन एक बजे युवक का शव पड़ा मिला था। मंगलवार सुबह संयुक्त पुलिस आयुक्त क्राइम आकाश कुलहरि, डीसीपी सेंट्रल रवीना त्यागी समेत फोरेंसिक टीम घटनास्थल पर पहुंचकर छानबीन की। दोपहर तकरीबन एक बजे शव की पहचान लालकुआं निवासी हिमांशु सिंह (27) के रूप में हुई। पुलिस की जांच में सामने आया कि सोमवार रात हिमांशु का अपने पिता, भाई और भाभी से विवाद हुआ था। आपस में मारपीट भी हुई थी। उसके बाद वह घर से सीधे ओसीआर बिल्डिंग पहुंचा था। वहीं, पर उसकी लाश मिली।
हिमांशु के पिता राजाराम के पास दूध की एजेंसी है। परिजनों के मुताबिक सोमवार रात को जब मारपीट कर रहा था तब उसको सीढ़ी से घसीटकर नीचे लाया गया था। उसके बाद पिता ने उसको घर से बाहर कर दरवाजा बंद कर लिया था। उसके बाद वह वापस नहीं लौटा था।
काफी बीमार था, अक्सर करता था मारपीट
परिजनों के मुताबिक हिमांशु मानसिक रूप से बहुत बीमार चल रहा था। दो साल से उसका इलाज चल रहा था। मिर्गी के दौरे भी पड़ते थे। इन्हीं सब वजहों से वह झगड़ता रहता था। परिवार वालों से अक्सर मारपीट करता था।
डीसीपी सेंट्रल रवीना त्यागी का कहना है कि परिवार में आपसी मारपीट की बात सामने आई है। हर पहलू को देखा जा रहा है। जो साक्ष्य सामने आएंगे, उस आधार पर कार्रवाई की जाएगी।