लुलु मॉल में धार्मिक कार्य व प्रार्थना की अनुमति नहीं
बृहस्पतिवार को लुलु मॉल के महाप्रबंधक समीर वर्मा ने एक वीडियो संदेश जारी कर कहा कि लुलु मॉल सभी धर्मोें का आदर करता है। किसी भी प्रकार के संगठित धार्मिक कार्य या प्रार्थना की यहां अनुमति नहीं दी जाती है। हमारे फ्लोर व सुरक्षा स्टाफ को प्रशिक्षण दिया जाता है कि ऐसी गतिविधियों की अनुमति न दी जाए। उन्होंने कहा कि इस मॉल को अंतरराष्ट्रीय स्तर का शॉपिंग डेस्टीनेशन बनाना चाहते हैं। सभी से हमारी अपील है कि इसमें हमारा सहयोग करें।
मॉल में हनुमान चालीसा पढ़ने की चेतावनी
लखनऊ के एक मॉल में नमाज पढ़ने का लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है। यहां नमाज पढ़ने का वीडियो बुधवार को वायरल होने के बाद हिंदू संगठन लगातार इसका विरोध कर रहे हैं। हनुमानगढ़ी के पुजारी राजूदास ने इसे लव जिहाद का नया अड्डा बताकर विवाद और बढ़ा दिया है। उन्होंने एक वीडियो संदेश जारी कहा कि यहां कर्मचारियों की नियुक्ति भी विशेष तरीके से की गई है। उन्होंने चेतावनी भरे अंदाज में कहा कि यदि मॉल में या ऐसी किसी भी सार्वजनिक जगह पर नमाज को नहीं रोका गया तो हमें भी वहां पर आकर हनुमान चालीसा पाठ करना होगा, ऐसा करने से हमें कोई नहीं रोक पाएगा।