जाम के दौरान सड़क पर पार्टी करते युवक
- फोटो : अमर उजाला
जाम में कार फंसी तो इसमें सवार युवक बोनट पर ही शराब का पैग बनाने लगे। आसपास खड़े वाहनों में से किसी ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो मंगलवार को लखनऊ पुलिस के ट्विटर हैंडल से टैग किया गया तो पुलिस हरकत में आ गई। उधर, एक दूसरा वीडियो भी वायरल हुआ जिसमें बाइक सवार दो युवक हाथ में पिस्तौल लेकर फिल्मी गाने पर रील बनाते दिखे। पुलिस ने दोनों मामलों की जांच शुरू कर दी है।
पहला वीडियो आगरा एक्सप्रेस-वे के पास का होने का दावा किया जा रहा है। इसमें ग्रे रंग की कार जाम में फंसी नजर आई। वायरल वीडियो में लाल रंग की शर्ट पहने युवक और उसका साथी नजर आ रहा है। दोनों कार के बोनट पर गिलास रखते हैं और लाल रंग की शर्ट पहने युवक बोतल से गिलास में शराब डालता है। आरोपी युवकों की कार के आगे सफेद रंग की कार में बैठा युवक भी आरोपियों का साथी बताया जा रहा है। मंगलवार को लखनऊ कमिश्नरेट के ट्विटर हैंडल को टैग किए गए वीडियो को कई बार शेयर किया गया। जानकारी के मुताबिक पूरा मामला पारा इलाके का बताया गया। हालांकि, इंस्पेक्टर तेज बहादुर सिंह का कहना है कि वीडियो कहां का है, इसकी जांच की जा रही है।
इधर, हाथ में पिस्तौल लेकर बाइक पर स्टंट
मंगलवार को ही फिल्मी गाने पर रील बनाते हुए एक वीडियो सोशल मीडिया में अपलोड किया गया। इसमें स्पोर्ट बाइक से दो युवक जा रहे हैं। पीछे बैठा युवक हाथ में पिस्तौल लिए हुए निशाना साध रहा है। वायरल वीडियो सामने आने के बाद चौक पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। इंस्पेक्टर प्रशांत कुमार मिश्र के मुताबिक पक्का पुल के पास यह वीडियो रिकॉर्ड किया गया है। फुटेज में नजर आ रहे युवकों की जानकारी जुटाई जा रही है। बाइक चला रहे युवक ने हेलमेट भी नहीं पहना है।