प्रदेश के आकांक्षात्मक विकास खंडों में योजनाओं के सर्वेक्षण, अध्ययन जैसे कार्यों के लिए मुख्यमंत्री फेलोशिप योजना के तहत 100 शोधार्थियों के चयन के लिए 26,684 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। बुधवार को आवेदन की अंतिम तिथि बीतने के बाद अब आवेदन पत्रों को जांचा जा रहा है। आवेदन पत्र दुरुस्त पाए जाने के बाद शोधार्थियों का चयन विशेषज्ञों की स्क्रीनिंग कमेटी द्वारा किया जाएगा।
इसके लिए 8 सितंबर से साक्षात्कार शुरू करने की योजना है। सचिव, नियोजन आलोक कुमार के अनुसार अभ्यर्थियों की ऑब्जेक्टिव स्कोरिंग 50 अंक से की जाएगी और व्यक्तिगत साक्षात्कार के 25 अंक होंगे। स्क्रीनिंग कमेटी द्वारा दिए गए अंकों के आधार पर मेरिट लिस्ट बनेगी। इसके बाद 300 से 400 अभ्यर्थी चुने जाएंगे। फिर इनमें से सौ पात्र शोधार्थियों का चयन होगा।