हमले के बाद धरने पर बैठे मौलाना सैयद कल्बे जवाद।
- फोटो : अमर उजाला।
शिया वक्फ बोर्ड में दर्ज कर्बला अब्बास बाग में अवैध निर्माण की जानकारी पर सोमवार की शाम को पहुंचे मौलाना सैयद कल्बे जवाद नकवी की गाड़ी पर आरोपियों ने हमला किया। आरोप है कि मौलाना के साथ अभद्रता करने के साथ ही मारपीट की कोशिश भी की गई। कर्बला के मुतवल्ली ने ठाकुरगंज थाने में तहरीर दी। वहीं, मौलाना जवाद ने कर्बला परिसर में धरना शुरू कर अवैध कब्जों को खाली करवाने और हमले के आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। मौलाना ने पुलिस पर आरोपियों के साथ साठगाठ करने का आरोप लगाया।
ठाकुरगंज स्थित कर्बला अब्बास बाग का वक्फनामा अवध के बादशाह मोहम्मद अली शाह के मंत्री रफीकुददौला सैयद इमाम अली खां ने 22 जनवरी 1845 में तैयार किया था। कर्बला अब्बास बाग और उसके वक्फनामे के मुताबिक कुल 4,70590 वर्गफीट जमीन शिया सेंट्रल वक्फ बोर्ड के दफा 37 रजिस्टर में वक्फ नंबर 2596 पर दर्ज है। कर्बला की जमीन के बड़े हिस्से पर अवैध कब्जे हो चुके हैं।
वहीं, कर्बला के पीछे के हिस्से में लगातार अवैध प्लाटिंग की जा रही हैं। मौलाना कल्बे जवाद नकवी ने बताया कि कर्बला अब्बास बाग के प्रशासक होने के नाते वो अवैध निर्माण की जानकारी मिलने पर शाम को कर्बला का मुआयाना करने पहुंचे थे। इसकी जानकारी पुलिस को पहले दी जा चुकी थी। उन्होंने बताया कि पुलिस की मौजूदगी में कर्बला की जमीन पर कब्जा करवाने वालों ने मारपीट करने की कोशिश की और गाड़ी पर हमला किया। उन्होंने बताया कि कर्बला की जमीन पर लगातार अवैध रूप से बगैर नक्शा पास कराए इमारतें बनाई जा रही हैं। एलडीए में शिकायत भी की लेकिन कोई कार्रवाई नही हुई।
कर्बला के मुतवल्ली सैयद सारिम मेंहदी ने ठाकुरगंज थाने में तहरीर देकर पंकज, मुजम्मिल, शाजान, रचित टंडन, सिराज, काशान सहित 20 से 25 लोगों पर मौलाना जवाद, साथ अधिवक्ता और खुद पर हमला करने का आरोप लगाया है। तहरीर में मौलाना गाड़ी तोड़ने, गालियां देने, मारपीट कर जानलेवा हमला करने का आरोप लगा कर कार्रवाई की मांग की है। वहीं, मौलाना जवाद की अगुवाई में मौलाना रजा हुसैन, मौलाना शबाहत रिजवी, मौलाना कमरुल हसन सहित कई मातमी अंजुमनों ने कर्बला अब्बास बाग में धरना देकर अवैध कब्जों का खाली करवाने और आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की।