मरी माता मंदिर रोड के चौड़ीकरण के दायरे में आने वाले निर्माणों पर आठ अप्रैल से बुलडोजर चलाने की तैयारी है। इसके लिए लोक निर्माण विभाग ने पुलिस आयुक्त को पत्र भेजकर पुलिसबल मुहैया कराने का अनुरोध भी कर दिया है और लोगों को जागरुक करने के लिए अनाउंसमेट भी शुरू कर दिया है।
मरी माता मंदिर के सामने वाली रोड के चौड़ीकरण में अर्जुनगंज के 100 से अधिक मकान-दुकान टूटेंगे। इसके लिए पीडब्ल्यूडी ने नोटिस जारी किए थे, जिसका समय भी पूरा हो गया है। अब आठ अप्रैल से चौड़ीकरण के दायरे में आने वाले निर्माण को तोड़ने की तैयारी है।
जो निर्माण तोड़े जाने हैं वे सुल्तानपुर रोड पर अभी मरीमाता मंदिर के बाद अर्जुनगंज से अहिमामऊ चौराहा तक करीब 1720 मीटर के दायरे में है। इस दायरे में अभी सड़क दो लेन ही है, जिसको चौड़ा किया जाएगा।
पीडब्ल्यूडी के एक इंजीनियर ने बताया कि सड़क के दोनों ओर पांच-पांच मीटर के दायरे में जो भी मकान और दुकान हैं वह सब आगे बढ़ाकर बने हैं। इन्हें तोड़ा जाएगा। इसके लिए नोटिस की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। अब सुरक्षा को लेकर पुलिस बल मांगा गया है। फोर्स मिलने पर आठ अप्रैल से अभियान चलाया जाएगा।