साल भर के इंतजार के बाद आखिरकार आ गया समय आम का कारोबार शुरू होने का। मलिहाबाद में लगने वाली अस्थायी मंडी एक बार फिर से सज चुकी है। गर्मी के बावजूद देश के विभिन्न हिस्सों से खरीदार पहुंच चुके हैं। वहीं अचानक से बढ़ी तेज गर्मी के कारण बागवानों ने आम की टूट फिलहाल रोक दी है। साथ ही दिल्ली-मुंबई के आढ़तियों ने भी तेज गर्मी के कारण अभी माल भेजने से कुछ दिन मना किया है।
मलिहाबाद फल विक्रेता समिति के अध्यक्ष नसीम बेग ने बताया कि 50 के करीब दुकानें लगी हैं। कारोबार की शुरुआत ही घाटे के साथ हुई है। दरअसल लोगों ने 20-21 मई से ही टूट शुरू कर दी थी, इसके कारण अपरिपक्व आम ही तोड़ लिया, जो बाहर जाकर खराब हुआ और कीमतों पर भी असर पड़ा है। नसीम बेग के मुताबिक, एक दिन में 100 गाड़ियां जाने का औसत होता है, फिलहाल कुछ ही जा पाएंगी। 10 जून के बाद इसमें तेजी आने के आसार हैं।
फिलहाल टूट रोकी गई, आढ़तियों ने माल कुछ दिन बाद मंगाया
बागबान व आम कारोबारी परवेज कहते हैं कि जल्दी टूट के कारण आम तैयार ही नहीं था और बाहर जाकर खराब हो गया। फिलहाल दिल्ली और मुंबई के आढ़तियों ने माल को कुछ दिन बाद भेजने के लिए कहा है। वहीं बागवान निर्मल वर्मा कहते हैं, तीन दिन में 30 गाड़ी जाती, लेकिन काम रोक दिया गया है। परवेज के मुताबिक, अब पांच जून से टूट शुरू करने की योजना है।