बाराबंकी। लखनऊ-सुल्तानपुर हाईवे पर सोमवार देर रात लोनीकटरा के भिलवल चौराहे के पास तेज रफ्तार बाइक आगे चल रहे ट्रक में घुस गई। हादसे में लखनऊ के गोसाईंगंज स्थित बंगला वार्ड अमेठी निवासी नौशाद (28) की मौके पर मौत हो गई। हेलमेट न पहनने से सिर में गंभीर चोट आई थी। पुलिस ने ट्रक कब्जे में ले लिया, जबकि चालक भाग गया।
सीओ समीर सिंह के मुताबिक, नौशाद की तीन दिसंबर को शादी होनी थी। वह सोमवार को हैदरगढ़ में रिश्तेदारों को निमंत्रण पत्र बांटकर घर लौट रहा था। रात करीब 10:30 बजे ढाबे के सामने ट्रक के अचानक ब्रेक लगाने से उसकी बाइक पीछे से टकरा गई। नाैशाद तीन भाइयों में सबसे छोटा था। वह हैदराबाद में सिलाई का काम करता था और शादी के लिए घर आया था। सूचना पर पहुंचे पिता दिलशाद समेत परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।