लखनऊ में बसंतकुंज योजना में राष्ट्र प्रेरणा स्थल के पास एलडीए के कई बड़े भूखंड खाली हैं। इन पर एलडीए अपार्टमेंट बनाएगा। यहां पर करीब 400 फ्लैट बनाए जाएंगे जिनकी कीमत 80 लाख से एक करोड़ रुपये तक होगी। रेरा में पंजीकरण के बाद फ्लैटों की बुकिंग मार्च तक खोलने की तैयारी है।
बसंतकुंज के सेक्टर-जे में राष्ट्र प्रेरणा स्थल के सामने लगभग 3.7 एकड़ भूमि खाली है। खाली जमीन पर अब अपार्टमेंट का निर्माण होगा। एलडीए ने इसकी तैयारी कर ली है। यह जमीन ग्रीन कॉरिडोर योजना के निकट है। ऐसे में यहां पर बनने वाले फ्लैटों की मांग भी अधिक होगी। एलडीए के अधिकारियों का कहना है कि योजना की जमीन काफी महंगी हो गई है।
यहां पर टू बीएचके, प्लस स्टडी और थ्री बीएचके प्लस स्टडी फ्लैट बनेंगे। अपार्टमेंट ईको फ्रेंडली होंगे। फ्लैट में किचन, वॉशरूम व बालकनी का एरिया ज्यादा रहेगा। अपार्टमेंट इस तरह डिजाइन किया गया है कि क्रॉस वेंटीलेशन अधिक रहे।
हर समय एयर कंडीशन चलाने की जरूरत न पड़ेगी। योजना में जिम, स्वीमिंग पूल, योगा सेंटर, क्लब हाउस, ग्रीन एरिया, किड्स प्ले-एरिया, पार्किंग, लिफ्ट, जल संरक्षण समेत अन्य सुविधाएं दी जाएंगी।