लखनऊ के गोमती नगर में रविवार सुबह विनीतखंड-5 में अयोध्या के खंडासा निवासी प्रीति कश्यप पानी की टंकी पर चढ़ गई। घटना से अफरा-तफरी मच गई। मौके पर पहुंची गोमतीनगर पुलिस ने दमकल की सहायता से किसी तरह से प्रीति को समझाया बुझाया। करीब पांच घंटे बाद वह नीचे उतरी।
इंस्पेक्टर ब्रजेश चंद्र त्रिपाठी के मुताबिक पूछताछ में प्रीति ने बताया कि कुछ समय पहले उन्होंने लखीमपुर खीरी के निघासन निवासी राम अनु्ग्रह प्रजापति से प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद से वह पति के साथ विनीतखंड-5 में रह रही थीं। आरोप है कि बृहस्पतिवार को राम उन्हें छोड़कर चले गए। उन्होंने राम से कई बार संपर्क करने की कोशिश की, मगर बात नहीं हो सकी।
इस बात से वह काफी आहत हो गईं और रविवार सुबह नौ बजे पानी की टंकी पर चढ़ गईं। शोर सुन लोगों की नजर टंकी की ओर पड़ी तो वे घबरा गए। वे प्रीति को नीचे उतरने के लिए कहने लगे, मगर वह मानने को तैयार नहीं हुईं। मामले की जानकारी गोमतीनगर पुलिस और दमकल कर्मियों को दी गई।
आनन-फानन इंस्पेक्टर पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। इस बीच फायर स्टेशन से एफएसओ गोमतीनगर भी आ गए। चौकी प्रभारी गुरप्रीत कौर और फायर ब्रिगेड की टीम टंकी के ऊपर चढ़ी। वहां पर उसको समझने का प्रयास किया गया, लेकिन वह नीचे आने के लिए नहीं तैयार हुई। ऐसे में उन्हें वहीं पर खाना और पानी दिया गया। करीब पांच घंटे की मान मनौवल के बाद प्रीति को नीचे उतारा गया।
नीचे उतरते ही हुई बेहोश, भर्ती
इंस्पेक्टर के अनुसार नीचे उतरते ही प्रीति बेहोश हो गईं। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यहां होश में आने पर उनसे राम का नंबर लेकर संपर्क किया गया है। वह लखीमपुर खीरी से चल चुके हैं। उनके आने पर आगे की कार्रवाई होगी।