राजधानी लखनऊ के चिनहट क्षेत्र में बिजली संकट गहराता जा रहा है। ओमेगा पावर हाउस से जुड़े जुग्गौर, सिकंदरपुर, मेंहौरा समेत आसपास की कई विकसित कॉलोनियों और गांवों में करीब 5 घंटे तक बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप रही।
वहीं, शिवपुरी पॉवर हाउस क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले चिनहट कस्बा, न्यू गुलिस्तां कॉलोनी, गौरव विहार, न्यू नंदी विहार, बुद्ध विहार कॉलोनियों में भी रात करीब 9 बजे से पूरी रात आधे-आधे घंटे और एक-एक घंटे के अंतराल पर बिजली की आवाजाही जारी रही, जिससे लोगों की नींद हराम हो गई।
भीषण गर्मी और उमस के बीच बिजली कटौती से लोगों का बुरा हाल है। घरों में लगे इनवर्टर जवाब दे गए तो पेयजल संकट भी गहराने लगा। सबसे ज्यादा परेशानी छोटे बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को उठानी पड़ी।
लोगों का आरोप है कि विभागीय अधिकारियों की लापरवाही के चलते पूरी रात लोग जागने को मजबूर रहे।
एसडीओ ए के सिंह ने बताया कि जुग्गौर रेलवे पुल के पास महुवे का पेड़ गिर जाने से बिजली बाधित हुई कुछ ही समय में बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।