केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि विधानसभा चुनाव 2022 में भाजपा और निषाद समाज मिलकर 300 प्लस सीटों के साथ सरकार बनाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में आने वाली भाजपा सरकार निषाद समाज के एजेंडे को पूरा करेगी। शुक्रवार को राजधानी स्थित रमाबाई आंबेडकर मैदान में भाजपा और निषाद पार्टी की ‘सरकार बनाओ अधिकार पाओ’ संयुक्त रैली में गृहमंत्री अमित शाह ने निषाद समाज सहित पिछड़े वर्ग को अधिकारों से वंचित रखने के लिए सपा, बसपा और कांग्रेस पर हमला बोला।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, चुनाव प्रभारी एवं केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान, केंद्रीय राज्यमंत्री साध्वी निरंजन ज्योति, और निषाद पार्टी के अध्यक्ष संजय निषाद की मौजूदगी में आयोजित रैली में अमित शाह ने श्रीराम की जयकार और निषाद राज को प्रणाम करते हुए भाषण की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि कहा कि वनवास पर निकले भगवान राम को श्रृंगवेरपुर में पेड़ के नीचे सोता हुआ देखकर निषाद राज की आंखों से आंसू की धारा बह गई थी। उन्होंने कहा कि सपा, बसपा और कांग्रेस की सरकार ने अयोध्या में भगवान राम का मंदिर नहीं बनने दिया, अयोध्या में भी वर्षों तक रामलला तिरपाल में विराजमान रहे थे। लेकिन 2019 में निषाद पार्टी के गठबंधन से जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा की सरकार बनी तो अयोध्या में रामजन्म भूमि पर भव्य राम मंदिर निर्माण की नींव रखी गई और जल्द ही गगनचुंभी राम मंदिर बनकर तैयार होगा।
सपा, बसपा और कांग्रेस ने किया पिछड़ों के साथ छल
अमित शाह ने कहा कि सपा, बसपा और कांग्रेस ने देश व प्रदेश में कई वर्षों तक शासन किया। लेकिन कभी दलित, वंचित, गरीब और पिछड़े वर्ग के हित की बात नहीं की। उन्होंने कहा कि सपा और बसपा ने कभी निषाद समाज सहित पिछड़े समाज के हित की बात नहीं की। उन्होंने दूसरी जातियों के साथ छल कर केवल अपने परिवार और जाति का भला किया। वहीं मोदी सरकार में गरीबों को घर, शौचालय, गैस कनेक्शन और स्वास्थ्य बीमा मिला। वहीं योगी सरकार में पीने का पानी, बिजली का कनेक्शन मिला। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने निषाद समाज के लिए अलग से मत्स्य मंत्रालय गठित किया गया है। उस मंत्रालय के जरिये 20 हजार करोड़ की योजनाएं संचालित की जा रही है। उन्होंने कहा कि 1,151 करोड़ रुपये के मत्स्य बीज वितरित किए जा रहे है। 5,900 मछुआरों को क्रेडिट कार्ड दिए गए हैं, आगे सभी मछुआरों को क्रेडिट कार्ड दिए जाएंगे।
सपा बसपा देती थी गुंडों को संरक्षण
अमित शाह ने कहा कि बसपा और सपा के शासन में माफिया और गुंड़ों को सरकार का संरक्षण मिलता था। लेकिन योगी सरकार में माफिया को उखाड़ फेंका है। अब माफिया प्रदेश से पलायन कर गए है।
कांग्रेस का खाता नहीं खुलने देना है
अमित शाह ने निषाद समाज के लोगों को विधानसभा चुनाव में सपा और बसपा का सफाया करने और कांग्रेस का खाता भी नहीं खुलने देने का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि निषाद समाज के लोग गांव-गांव और शहर-शहर मोदी-योगी का संदेश लेकर फैल जाएं और 300 पार सीटों के साथ भाजपा की सरकार बनाएं।