जिलहिज्ज के चांद के मुताबिक बकरीद 6 अक्तूबर सोमवार को मनाई जाएगी। इसको लेकर शहर में तैयारियां तेज हो गई हैं। रविवार को बकरा व सिंवई खरीदारी के साथ मस्जिदों में नमाज व कुरबानी को लेकर पुख्ता तैयारियां की गई।
शहर में सुन्नी समुदाय की सबसे बड़ी जमात ऐशबाग ईदगाह में सुबह 10 बजे और शिया समुदाय की सबसे बड़ी जमात आसिफी मस्जिद में ईद उल अजहा की नमाज सुबह 11 बजे अदा करेगी।
ईदगाह इमाम मौलाना खालिद रशीद फरंगी महली का कहना है कि ईदगाह में बकरीद की नमाज को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई है।
उधर, शिया धर्मगुरु मौलाना सैफ अब्बास नकवी ने बताया कि आसिफी मस्जिद में नमाज अदा की जाएगी। इसके अलावा शहर की अन्य मस्जिदों में भी नमाज अदा की जाएगी, जिसकी तैयारियां चल रही है।
हजरत मुस्लिम की शहादत की याद में ताबूत 5 को
सफीर-ए-हुसैनी हजरत मुस्लिम की शहादत पर पुराने लखनऊ में 4 अक्तूबर से मजलिस व मातम का दौर शुरू हो जाएगा।
मौलाना सैफ अब्बास ने बताया कि हजरत इमाम हुसैन के सफीर बन कर कूफा शहर गए हजरत मुस्लिम की शहादत जिलहिज्ज की नौ तारीख को हुई।
इसी याद में बकरीद के एक दिन पूर्व 5 अक्तूबर को शहर में ताबूत-ए-हजरत मुस्लिम उठाया जाएगा।