पुलिस कश्मिनर डीके ठाकुर के मुताबिक रविवार को क्राइम ब्रांच की टीम के हाथ एक और सफलता लगी। जिसमें पुलिस ने शूटरों को सुरक्षित ठिकाने तक पहुंचाने वाले एक युवक को दबोच लिया। पकड़ा गया युवक आजमगढ़ का रहने वाला रेहान है।
पुलिस ने उसे सर्विलांस टीम की मदद से उज्जैन लोकेशन मिलने पर वहीं से गिरफ्तार किया है। उसके पास से लखनऊ से उज्जैन तक पहुंचाने में प्रयुक्त कार भी बरामद कर ली गई है। पुलिस की पूछताछ में रेहान ने बताया कि उसी ने आजमगढ़ से शूटरों को लखनऊ पहुंचाया था।
इसके बाद वारदात के दूसरे दिन वहां से शूटरों को लेकर उज्जैन के लिए निकल गया। उज्जैन पहुंचने के बाद शूटरों को दूसरी कार में बैठाकर मुंबई के लिए भेज दिया। इसके बाद वह अपने लिए सुरक्षित ठिकाना तलाश रहा था। लेकिन इसके पहले ही रविवार तड़के पुलिस के हत्थे चढ़ गया।
स्कूल संचालक के घर दी दबिश
पुलिस के मुताबिक अजीत सिंह की हत्या में शामिल शूटरों के मददगार प्रिंस की गिरफ्तारी के बाद चार नई टीमों को इस गैंगवार के खुलासे के लिए लगा दिया गया है। शनिवार देर रात को पुलिस टीम ने एक स्कूल संचालक के घर पर दबिश दी गई। इस संचालक का आपराधिक इतिहास है। इसके अलावा घायल शूटर की तलाश में पुलिस वहां के एक अस्पताल में भी दबिश दी। साथ में लाल डस्टर से लखनऊ गये अंकुर व उसके दो करीबियों को भी पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। इन दोनों से एसटीएफ की टीम पूछताछ कर रही है।
शनिवार को पुलिस गिरफ्त में आये प्रिंस ने गैंगवार से जुड़ी कई अहम जानकारी दी। उसने बताया कि अंकुर और बंधन ने किसी से बात कर कहा था कि गिरधारी ने अजीत की हत्या कर दी है। पुलिस व एसटीएफ भी यही मान रही है कि गिरधारी उर्फ डॉक्टर ने अजीत को गोलियों से भून डाला था। गिरधारी पर वाराणसी पुलिस ने एक लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा है।
पुलिस की पूछताछ में प्रिंस ने बताया कि वह अंकुर व बंधन के साथ आजमगढ़ से चला था। अंकुर और बंधन ने कुछ दूर चलने केबाद गाड़ी रूकवा दी थी। दो लोग मिलने आये। अंकुर ने गाड़ी से उतरकर उनके मोबाइल से किसी की बात कराई। फिर रास्ते में अंकुर व बंधन ने किसी से मोबाइल पर बात ही नहीं की। प्रिंस से कई अहम जानकारी मिलने के बाद आजमगढ़ पुलिस से कुछ ठिकानों पर दिबश देने के लिए मदद मांगी गई है। कमिश्नरेट और आजमगढ़ की पुलिस आसपास के इलाकों में लगातार दबिश दे रही है।
दो फ्लैट बने थे शूटरों के ठिकाने
पुलिस के मुताबिक गोमतीनगर विस्तार स्थित शारदा अपार्टमेंट के दो फ्लैट शूटरों के लिए सुरक्षित ठिकाना बने थे। एक फ्लैट प्रदीप कबूतरा का परिवार रहता है। वहीं दूसरे फ्लैट में शूटरों को पनाह दिया गया था। शूटरों की मदद करने वाले अंकुर व बंधन रोहतास के फ्लैट में ठहरे थे। शारदा अपार्टमेंट का फ्लैट आजमगढ़ जेल में बंद कुंटू सिंह के करीबी प्रदीप कबूतरा का बताया जा रहा है। उधर मुख्य शूटर गिरधारी की वर्तमान फोटो पुलिस के हाथ लग गई है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। वहीं एसटीएफ ने भी अपना जाल बिछा दिया है। इस मामले में कुछ सफेदपोश के नाम भी सामने आ रहे हैं। जिनकी कुंडली पुलिस खंगाल रही है।